Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र

लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र

Lucknow fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके से सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई। यहां एक कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र और अन्य लोग इमारत के अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों को बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल से कूदना पड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तीन मंजिला इमारत में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग स्थित एक तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में दोपहर करीब 3 बजे आग लगने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी जैसी गतिविधियां संचालित होती हैं। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर विभाग को सूचना दी।

Lucknow fire: 14 दमकल गाड़ियों को किया गया तैनात

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन समेत 14 फायर टेंडर लगाए गए। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई। हालांकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

Lucknow fire: चश्मदीद ने सुनाई घटना की पूरी कहानी

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो इमारत से घना धुआं निकल रहा था। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से 5 से 6 लोगों को बाहर निकाला गया। अमन के मुताबिक, आग से घबराकर एक व्यक्ति बिल्डिंग से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के दौरान कुछ लोग अभी भी अंदर फंसे हुए थे।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे मामले की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

राहत और बचाव अभियान जारी

Lucknow fire: फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

 

ये भी पढ़ें: ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर का इस्तीफा: 100 से ज्यादा सांसदों का विरोध बना वजह, 7 साल में 5वें PM ने छोड़ा पद