Mp news: पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र में टमाटर के दाम को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। महज 30 रुपये के अंतर को लेकर हुई बहस ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना ग्राम छतैनी की बताई जा रही है, जहां सब्जी के दाम को लेकर हुआ विवाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
80 रुपये के दाम पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, ग्राम छतैनी निवासी हेतराम कोरी ने स्थानीय सब्जी विक्रेता प्रहलाद कोरी से टमाटर का दाम पूछा था। विक्रेता ने टमाटर 80 रुपये प्रति किलो बताये, जिस पर हेतराम ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि आसपास के बाजार में टमाटर 50 रुपये किलो मिल रहा है, फिर यहां इतना ज्यादा दाम क्यों लिया जा रहा है। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला धीरे-धीरे गाली-गलौज तक पहुंच गया।
Mp news: घर पर बुलाकर किया हमला, सिर पर गंभीर चोट
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि सब्जी विक्रेता प्रहलाद ने अपने कुछ रिश्तेदारों को बुला लिया, जिसके बाद सभी लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित हेतराम के घर पहुंच गए। यहां उन्होंने हेतराम पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी आरोपियों ने धमकाया और मौके से फरार हो गए। घायल हेतराम को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
Mp news: घटना की सूचना मिलने पर धरमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र








