Home » Breaking News » डीआरसी में इबोला संक्रमण के 1,094 मामले दर्ज, 277 की मौत

डीआरसी में इबोला संक्रमण के 1,094 मामले दर्ज, 277 की मौत

Ebola Cases: डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में इबोला संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 15 मई को घोषित इस प्रकोप के बाद अब तक 1,094 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 277 लोगों की मौत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे अफ्रीका में किसी भी इबोला प्रकोप के पहले महीने में दर्ज सबसे अधिक मामलों का रिकॉर्ड बताया है।

संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 387 मरीज उपचार या क्वारंटीन में हैं, जबकि 115 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। इसके अलावा 131 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें 44 संदिग्ध मौतें भी शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि साप्ताहिक आधार पर संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो समुदाय स्तर पर संक्रमण के तेजी से फैलने का संकेत है।

Ebola Cases: जांच और उपचार क्षमता में हुआ विस्तार

संक्रमण पर नियंत्रण के लिए महामारी निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और जांच व्यवस्था को मजबूत किया गया है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, पहले जहां प्रतिदिन लगभग 30 जांच होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 2,000 से अधिक हो गई है। इतुरी, नॉर्थ किवु और साउथ किवु प्रांतों में आठ प्रयोगशालाओं का नेटवर्क सक्रिय किया गया है। वहीं उपचार सुविधाओं का विस्तार करते हुए 19 स्वास्थ्य क्षेत्रों में 500 से अधिक बेड उपलब्ध कराए गए हैं।

राष्ट्रपति करेंगे प्रभावित क्षेत्र का दौरा

डीआरसी के राष्ट्रपति फेलिक्स त्शिसेकेदी ने घोषणा की है कि वह जल्द ही इतुरी प्रांत का दौरा करेंगे, जहां लगभग 90 प्रतिशत संक्रमण के मामले सामने आए हैं। उन्होंने क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने, संक्रमण की निगरानी तेज करने और समय पर सूचना साझा करने पर जोर दिया।

Ebola Cases: युगांडा में भी बढ़ा खतरा

डीआरसी से सटे युगांडा में भी इबोला का एक नया मामला सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 20 हो गई है। इनमें 14 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो लोगों की मौत हुई है। युगांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 15 मामले सीमा पार से आए संक्रमण के हैं। दोनों देशों ने संयुक्त निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया दल, मोबाइल लैब और उपचार केंद्रों के जरिए सीमा पार सहयोग शुरू कर दिया है।

डब्ल्यूएचओ ने जताई चिंता

डब्ल्यूएचओ ने अपनी ताजा रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि डीआरसी में इबोला का खतरा अभी भी बहुत अधिक बना हुआ है, क्योंकि संक्रमण लगातार नए क्षेत्रों तक फैल रहा है। वहीं युगांडा में भी संक्रमण की रफ्तार चिंता का विषय बनी हुई है।

ये भी पढ़े… राम मंदिर चंदा विवाद में ‘कागभुसुंडि’ गायब होने पर अखिलेश बोले- FIR बिना SIT ‘बिना तीर की कमान’