Brijbhushansingh: उत्तर प्रदेश के गोंडा से बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी गुरुवार शाम एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पोस्ट में दी गई खुली धमकी
जानकारी के अनुसार, पंडित शंकर दत्त शुक्ला नाम के एक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उसने आज तक जो कहा है, उसे करके दिखाया है और आगे भी करेगा। पोस्ट में बृजभूषण शरण सिंह को गोली मारने जैसी धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही सिस्टम को आग लगाने जैसी बातें भी लिखी गईं।
Brijbhushansingh: खुद को भाजपा युवा नेता बताया
धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल में खुद को भारतीय जनता पार्टी का युवा नेता बताया है। प्रोफाइल पर उसका निवास स्थान अयोध्या दर्ज है। यह पोस्ट शाम करीब 6:30 बजे की गई थी।
Brijbhushansingh: सांसद प्रतिनिधि ने की शिकायत
कैसरगंज के सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने बताया कि उन्हें फेसबुक पोस्ट की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उनका कहना है कि पोस्ट में बृजभूषण शरण सिंह को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है। वहीं नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनके पास अभी तक कोई औपचारिक शिकायत पत्र नहीं पहुंचा है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 14 जून को बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और भाजपा विधायक प्रतीक भूषण को भी फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। बताया गया था कि एक अज्ञात नंबर से आए कॉल में धमकी देने वाले व्यक्ति ने कहा था कि वह प्रतीक भूषण और उनके पिता दोनों की हत्या कर देगा। यह कॉल करीब 35 सेकेंड तक चली थी।
जांच में सामने आई थी अलग कहानी
पुलिस जांच में बाद में पता चला कि कॉल करने वाला युवक राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला संदीप शर्मा था। जांच एजेंसियों के अनुसार वह मानसिक रूप से दिव्यांग है और जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने यह भी बताया था कि वह पहले भी कई जनप्रतिनिधियों को इसी तरह की धमकियां दे चुका है और उसके खिलाफ विभिन्न स्थानों पर मामले दर्ज हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
Brijbhushansingh: फिलहाल फेसबुक पोस्ट के जरिए दी गई नई धमकी को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: पान-गुटखा के दाग रोकने के लिए रेलवे का नया प्रयोग, लेकिन क्या 5 लाख की ‘जर्मन तकनीक’ बदल पाएगी लोगों की आदत?








