US Iran Conflict: अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए उसके मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों के साथ-साथ तटीय रडार चौकियों पर हमले किए। यह कार्रवाई वाशिंगटन द्वारा तेहरान पर एक वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर हमला करने का आरोप लगाने के बाद की गई है। इस घटनाक्रम ने मध्य पूर्व में जारी युद्धविराम को गंभीर झटका दिया है।
US Iran Conflict: सेंटकॉम बोला- वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों का दिया जवाब-
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई ईरानी सेना द्वारा वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ की गई “अनुचित आक्रामकता” के जवाब में की गई। सेंटकॉम के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद यह जवाबी कार्रवाई की गई।
US Iran Conflict: अमेरिका का आरोप- ईरान ने तोड़ा युद्धविराम-
अमेरिका ने आरोप लगाया है कि ईरान ने युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन किया और समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाला। वाशिंगटन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी।
ईरान में जोरदार विस्फोट की खबर-
इस बीच, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने दक्षिणी बंदरगाह शहर सिरिक के ताहेरूयेह घाट पर शुक्रवार देर रात बड़े विस्फोट की सूचना दी। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, घाट क्षेत्र में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि, विस्फोट के कारण और नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मध्य पूर्व में फिर बढ़ा तनाव-
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की कोशिशें जारी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव से मध्य पूर्व में अस्थिरता और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी मिशन 2027 पर भाजपा का फोकस, संगठन मजबूत करने में जुटी पार्टी








