Pm modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर सेशेल्स पहुंच गए। राजधानी विक्टोरिया स्थित सेशेल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स के नेशनल डे के गोल्डन जुबली समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगे। इस दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, समुद्री सुरक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर अहम बातचीत भी होगी।
एक्स पर साझा की जानकारी
सेशेल्स पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत से वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार और करीबी मित्र है। यह यात्रा दोनों देशों के पुराने रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर बनेगी।
Pm modi: भारतीय समुदाय ने किया स्वागत
एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का उत्साह के साथ स्वागत किया। पीएम मोदी ने उनसे मुलाकात की और तस्वीरें साझा करते हुए उनके स्नेह और अपनापन के लिए आभार व्यक्त किया।
Pm modi: कच्छ के लोकनृत्य ने जीता दिल
स्वागत समारोह के दौरान कच्छ के पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में बसे भारतीय जिस तरह भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखे हुए हैं, वह बेहद प्रेरणादायक है।
राष्ट्रपति के साथ नेशनल बॉटनिकल गार्डन पहुंचे
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ कार यात्रा की तस्वीर भी साझा की। दोनों नेता सेशेल्स के नेशनल बॉटनिकल गार्डन पहुंचे, जहां उनका विशेष स्वागत किया गया।
कई अहम कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
Pm modi: दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी नेशनल डे समारोह में हिस्सा लेंगे, जो भारत और सेशेल्स के मजबूत रक्षा संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
यह भी पढे़: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि, 11 जुलाई की बैठक में होगा बड़ा फैसला








