Ram mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने बताया कि चंपत राय के साथ-साथ ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि दोनों इस्तीफों पर अंतिम फैसला ट्रस्ट की अगली बैठक में लिया जाएगा।
ट्रस्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान
ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से सभी सदस्य दुखी और आहत हैं। ट्रस्ट ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बयान में यह भी कहा गया कि श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर को दान में दी गई चांदी की ईंटें, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका विधिवत रिकॉर्ड भी उपलब्ध है।
Ram mandir: SIT जांच के आधार पर दर्ज हुई FIR
ट्रस्ट ने बताया कि मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई है। फिलहाल मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है। ट्रस्ट ने रामभक्तों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक या अपुष्ट अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।
11 जुलाई की बैठक होगी अहम
Ram mandir: राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उडुपी पीठाधीश्वर विश्वतीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने बताया कि ट्रस्ट की अगली बैठक 11 जुलाई को होगी। इस बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कदम तय किए जाएंगे।सूत्रों के मुताबिक, इसी बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव के नाम पर भी फैसला हो सकता है। इसके अलावा राम मंदिर परिसर के लिए नए सीईओ की नियुक्ति पर भी विचार होने की संभावना है।
यह भी पढे़: पुणे मर्डर केस में बड़ा दावा केतन का सर हुआ था कुचला पढ़िए क्या हुआ अब तक








