Sehore News: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे लसूडिया बोडी और सिराडी गांव में हुए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
खेत में दवा छिड़काव के दौरान गिरी बिजली
पहली घटना बिलकिसगंज क्षेत्र के लसूडिया बोडी गांव की है। यहां 26 वर्षीय भरत जांगड़ा अपने साथी दौलत सिंह के साथ खेत में फसलों पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया। इलाज के दौरान भरत जांगड़ा की मौत हो गई, जबकि दौलत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
Sehore News: घर के आंगन में मोबाइल चला रहा था युवक
दूसरी घटना इछावर थाना क्षेत्र के सिराडी गांव में हुई। यहां 18 वर्षीय पवन अपने घर के आंगन में मां के साथ बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
Sehore News: पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने सलाह दी है कि गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ों के नीचे शरण न लें तथा बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग खुले स्थान पर न करें।
यह भी पढे़ : PM मोदी सेशेल्स दौरे पर: राष्ट्रपति संग विशाल कछुओं को खिलाया चारा, 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि








