Home » राष्ट्रीय » योगी ने नोएडा में किया परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले- पिछली सरकार के पाप के गड्ढे भरने में समय लगा

योगी ने नोएडा में किया परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले- पिछली सरकार के पाप के गड्ढे भरने में समय लगा

Yogi: पिछली सरकार के पाप के गड्ढे भरने में समय लगा- योगी

Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी का दौरा कर ₹9,228 करोड़ की भारी-भरकम विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-96 में नोएडा प्राधिकरण के नए भव्य प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान एंबर ग्रुप के मालिक ने सीएम योगी को बजरंग बली की मूर्ति और शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया।

जेवर अब जंगलराज नहीं, मंगलराज का प्रतीक- सीएम योगी

यमुना सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में ₹6,750 करोड़ के निवेश वाली तीन बड़ी कंपनियों की आधारशिला रखते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार के पापों के गड्ढे भरने में हमें समय जरूर लगा, लेकिन कभी ‘जंगलराज’ के लिए बदनाम रहा जेवर आज ‘मंगलराज’ और विकास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम की वजह से आज उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों के लिए पहली पसंद बन गया है।

Yogi: यूपी बनेगा इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का ग्लोबल हब

सीएम योगी ने राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के निर्माण का ग्लोबल हब बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का भारत अब तक दूसरे देशों से आयात करता था, अब उन्हें यूपी में बनाकर दुनिया भर में निर्यात (एक्सपोर्ट) किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने बिल्डर बायर्स, किसानों, आरडब्ल्यूए और उद्यमियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का ठोस समाधान निकाला है।

काले झंडे दिखाने जा रहे सपाई हिरासत में

एक तरफ जहां विकास कार्यों का उत्सव चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ इस दौरे का विरोध करने जा रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं को नोएडा पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के मकसद से जेवर की ओर बढ़ रहे सपाइयों की पुलिस के साथ जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कुछ नेताओं के कपड़े तक फट गए। आखिरकार पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन में बैठा दिया। इस कार्यक्रम के बाद सीएम योगी गाजियाबाद में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें…केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की सफाई- कुछ नहीं छिपाया, सारे दस्तावेज देने को तैयार