Dimple yadav: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को मैनपुरी दौरे के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले, पेपर लीक, भाजपा के संगठन विस्तार और विपक्षी दलों में कथित सेंधमारी जैसे मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर क्या बोलीं डिंपल यादव?
डिंपल यादव ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। इसमें जो भी दोषी हो, चाहे वह कितना भी बड़ा या छोटा व्यक्ति क्यों न हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा मामला है और इसकी पारदर्शी जांच जरूरी है।
Dimple yadav: ताजियों की लंबाई नापने पर सरकार को घेरा
फिरोजाबाद में ताजियों की लंबाई नापने के मुद्दे पर भी डिंपल यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समाज को बांटने की राजनीति कर रही है और लोगों के असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
Dimple yadav: भाजपा के संगठन विस्तार पर उठाए सवाल
भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले ही सभी वर्गों को संगठन में प्रतिनिधित्व दे चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को संगठन विस्तार की याद इतने वर्षों बाद क्यों आई।
विपक्षी दलों में सेंधमारी को बताया ‘खुला भ्रष्टाचार’
डिंपल यादव ने कहा कि जनता जिन नेताओं को किसी पार्टी के नाम पर चुनकर भेजती है, उनका दूसरी पार्टी में जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने इसे “खुला भ्रष्टाचार” बताते हुए कहा कि इससे संविधान की भावना को नुकसान पहुंचता है।
पेपर लीक पर सरकार को घेरा
Dimple yadav: महाराष्ट्र में पेपर लीक की आशंका के चलते परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर डिंपल यादव ने कहा कि अब पेपर लीक एक नया ट्रेंड बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।








