Indore news: मध्य प्रदेश के इंदौर से दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी का हैरान करने वाला CCTV वीडियो सामने आया है। घटना खजराना थाना क्षेत्र की है, जहां मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी हमले में बदल गई। आरोपी ने अपने पड़ोसी पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
मामूली बहस के बाद हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, तंजीम नगर घोस्ट मार्केट में रहने वाला शाहनवाज उर्फ शान फोन पर तेज आवाज में बात कर रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी आरिफ बरकाती ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि आरिफ अपने घर से धारदार चाकू लेकर आया और शाहनवाज के पेट, चेहरे और पैर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
Indore news: गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में गंभीर रूप से घायल शाहनवाज को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कराया सीन रीक्रिएशन
Indore news: घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आरिफ बरकाती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस निकाला और उसे घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन भी कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढे़: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि, 11 जुलाई की बैठक में होगा बड़ा फैसला








