Home » एक्सक्लूसिव » मध्य प्रदेश में बारिश-बिजली का कहर: 6 की मौत, 7 झुलसे; कई जिलों में तेज बारिश, 3 दिन से थमा मानसून

मध्य प्रदेश में बारिश-बिजली का कहर: 6 की मौत, 7 झुलसे; कई जिलों में तेज बारिश, 3 दिन से थमा मानसून

Monsoon Update:

Monsoon Update: मध्य प्रदेश में शनिवार को आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। सीहोर में दो युवकों, दमोह में एक युवक, पांढुर्णा में खेत में काम कर रहे एक किसान, मंदसौर में एक युवक और रायसेन में एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। सीहोर में एक युवक घर के आंगन में बैठकर मोबाइल चला रहा था, तभी आकाशीय बिजली उसकी चपेट में आ गई।

भोपाल से शिवपुरी तक बारिश और आंधी का असर

राजधानी भोपाल में शनिवार रात तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं शिवपुरी में मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं से कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, एक ढाबा और मकान ढह गया, जबकि कार, बाइक और पेट्रोल पंप भी क्षतिग्रस्त हो गए।

Monsoon Update: रतलाम, धार और विदिशा में झमाझम बारिश

रतलाम में मूसलधार बारिश से सड़कें और अंडरब्रिज जलमग्न हो गए। धार जिले के बाग क्षेत्र में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। झाबुआ और विदिशा में भी गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

Monsoon Update: 15 जिलों में पहुंचकर थमा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 24 जून को मध्य प्रदेश के 15 जिलों में प्रवेश कर चुका है, लेकिन पिछले तीन दिनों से इसकी रफ्तार थम गई है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून के भोपाल और उज्जैन संभाग की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पहुंचेगा।

पिछले 72 घंटों की लगातार बारिश से प्रदेश के वर्षा आंकड़ों में सुधार दर्ज किया गया है। एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 99 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 58.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। हालांकि 24 जून तक यह कमी 50 प्रतिशत थी, यानी हालिया बारिश से करीब 9 प्रतिशत का सुधार हुआ है।

कई जिलों में सामान्य से कम, कुछ में अधिक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं भोपाल, सीहोर, इंदौर, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, बुरहानपुर और अशोकनगर सहित कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को गरज-चमक के समय खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढे़ : अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप, भारत समेत 8 देशों में महसूस हुए झटके; दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर भी हिला