Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के मांट थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान बांटी गई बिरयानी को लेकर विवाद सामने आया है। शिकायत के अनुसार, कुछ बच्चों ने बिरयानी को शाकाहारी भोजन समझकर खा लिया था। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि बिरयानी में चिकन मिला हुआ था। इसके बाद दो बच्चों की तबीयत खराब हो गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं।घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहर्रम के मौके पर गांव में बांटी जा रही थी बिरयानी
जानकारी के मुताबिक, यह मामला मांट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जावरा के मजरा नगला बरी का है। शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय की ओर से लोगों को बिरयानी बांटी जा रही थी। इस दौरान वहां मौजूद कई बच्चों ने भी बिरयानी खाई।शिकायत में बताया गया कि बिरयानी खाने वाले बच्चों में कुछ गैर-मुस्लिम बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने इसे शाकाहारी भोजन समझकर खा लिया था।
परिजनों का आरोप है कि बिरयानी खाने के कुछ समय बाद जब दो बच्चों को पता चला कि उसमें चिकन मौजूद था, तो वे डर गए। इसके बाद दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।परिजन तुरंत दोनों बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
Mathura News: शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी गई।मांट थाना पुलिस ने बच्चों के परिजनों की शिकायत के आधार पर बिरयानी वितरण से जुड़े व्यक्ति गुलशेर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखें।
यह भी पढे़…. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि, 11 जुलाई की बैठक में होगा बड़ा फैसला








