Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी, संपत्ति की जांच शुरू

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी, संपत्ति की जांच शुरू

राम मंदिर चोरी केस में 8 आरोपियों के घर छापे

Ayodhya News: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। जेल में बंद 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस की 8 अलग-अलग टीमों ने एक ही समय पर सभी आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी।इस कार्रवाई के दौरान 3 से 4 आरोपियों के घरों पर ताला लगा मिला। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और आरोपियों के परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई।

कई आरोपियों के घर मिले बंद

छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा हुआ मिला। कुछ समय बाद टिन्नू की मां वहां पहुंचीं और उन्होंने घर का ताला खोला।इसके बाद पुलिस टिन्नू के घर से थोड़ी दूरी पर रहने वाले उसके भतीजे और आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची। वहां भी ताला बंद मिला। वहीं तीसरे आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी कोई मौजूद नहीं था और बाहर ताला लगा हुआ था।

पुलिस की इस छापेमारी में राजस्व विभाग के अधिकारियों, खासकर लेखपालों को भी शामिल किया गया। पुलिस अब आरोपियों की संपत्ति और पिछले कुछ समय में उनकी जीवनशैली में आए बदलावों की जानकारी जुटा रही है।इसके लिए पड़ोसियों से सवाल किए जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों की आर्थिक स्थिति में कोई अचानक बदलाव आया था या नहीं।

Ayodhya News: 25 जून को दर्ज हुई थी पहली FIR

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला 25 जून को सामने आया था। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत के आधार पर पहली FIR दर्ज की गई थी।इसके बाद पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 26 जून को सीजेएम कोर्ट ने सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

इस मामले के बीच शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि की।ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि इस्तीफा प्राप्त हुआ है और इस पर 11 जुलाई को होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी।उन्होंने भक्तों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम की सेवा के लिए चांदी की ईंटें, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य वस्तुएं दान की हैं, वे सभी सुरक्षित हैं।

Ayodhya News:  राम मंदिर चोरी केस में 8 आरोपियों के घर छापे
राम मंदिर चोरी केस में 8 आरोपियों के घर छापे

SIT ने 23 जून को सौंपी रिपोर्ट, दो दिन बाद गिरफ्तारी

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला 7 जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को जांच के लिए SIT का गठन किया।SIT ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद को सौंपी। इसके दो दिन बाद 25 जून को ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज की गई।इस FIR में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 लोगों को आरोपी बनाया गया।इसी बीच शुक्रवार को मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे की जानकारी भी सामने आई।

अनुकल्प मिश्रा के परिवार ने दी सफाई

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी अनुकल्प मिश्रा के दादा राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि अनुकल्प अभी भी पढ़ाई कर रहा है।उन्होंने बताया कि उन्हें राम मंदिर में अनुकल्प के काम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अनुकल्प उनके बड़े बेटे का बड़ा लड़का है और उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।

भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले पर प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोगों की आस्था से जुड़े मुद्दों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही मंदिर निर्माण संभव हो पाया।उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो कानून अपना काम करेगा।

कौशलपुरी में अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी

पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित घर पर भी छापेमारी की। वहां आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस ने कौशलपुरी में किराना दुकान चलाने वाले राहुल कुमार से पूछताछ की।राहुल कुमार ने बताया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का आरोपी अविनाश शुक्ला कौशलपुरी में रहता है। वह यहां एक योगा सेंटर से भी जुड़ा हुआ था। इसके अलावा वह अपने गांव के घर पर भी रहता था।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि लोगों के बीच यह संदेश गया है कि सरकार के पास चंदे की चोरी और अन्य कई मुद्दों पर कोई जवाब नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा कि SIT की रिपोर्ट में CCTV फुटेज से छेड़छाड़ की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कई दौरे होने के बावजूद उन्हें ऐसी घटनाओं की जानकारी कैसे नहीं हुई।

अजय राय ने केजरीवाल के VIP ट्रीटमेंट पर सवाल उठाए

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर में अरविंद केजरीवाल को मिले कथित VIP ट्रीटमेंट पर सवाल उठाए।उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दो तस्वीरें साझा करते हुए पूछा कि क्या केजरीवाल के लिए कैमरे और विशेष सुविधाएं थीं, जबकि आम श्रद्धालुओं के लिए कड़े नियम लागू हैं।उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जब उन्होंने खुद दर्शन किए थे, तब व्यवस्था अलग थी और सरकार को इस अंतर का जवाब देना चाहिए।

जेल सूत्रों के अनुसार, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत सभी 8 आरोपियों को फैजाबाद जेल में पहली रात नींद नहीं आई।सूत्रों ने बताया कि सभी आरोपी रातभर करवटें बदलते रहे। इस मामले को लेकर आरोपियों के बीच बातचीत और बहस भी होती रही।सोमवार को सभी आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- भगवान देंगे महादंड

इंडोनेशिया के जकार्ता में शुक्रवार को कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री इस मामले पर भावुक हो गए।उन्होंने कहा कि रावण भी ऐसे ही थे, केवल उनका रूप बदल गया है। उन्होंने कहा कि रावण ने माता सीता का हरण किया था, लेकिन राम मंदिर के दानपात्र से लाखों-करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास को नुकसान पहुंचाया गया।उन्होंने कहा कि FIR दर्ज हो चुकी है और अभी आगे जांच होगी। उन्होंने दावा किया कि आगे और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।उन्होंने कहा कि सच हमेशा सच रहता है। जिसे बुरा लगे, उसे लगे। उन्होंने कहा कि जैसे रावण को उसके कर्मों का परिणाम मिला था, वैसे ही चढ़ावा चोरी करने वालों को सरकारी कार्रवाई के साथ भगवान का दंड भी मिलेगा।

ऑडिट फर्म ने दिए थे सुधार के सुझाव

राम मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था को लेकर ऑडिट फर्म ने कई सुझाव दिए थे।इनमें चंदे और फंड मैनेजमेंट को बेहतर बनाना, गहनों और कीमती वस्तुओं का स्टॉक रजिस्टर तैयार रखना, बैंक रिकॉर्ड का नियमित मिलान करना, IT सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करना और HR व प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना शामिल था।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रस्ट की वेबसाइट पर अभी तक इंटरनल ऑडिट रिपोर्ट और SOP (Standard Operating Procedure) की जानकारी उपलब्ध नहीं है।दावा किया गया है कि 5 फरवरी 2020 को ट्रस्ट बनने के बाद नवंबर 2025 तक 4575 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद दान प्राप्त हुआ। इसके अलावा सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के रूप में भी बड़ी मात्रा में दान मिला है।

यह भी पढे़…ऑपरेशन अमिस्ताद: भारतीय वायु सेना ने वेनेजुएला में पहुंचाई राहत सामग्री और फील्ड हॉस्पिटल टीम