Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला! बोले- “रामलला के दर्शन कर लेंगे तो सद्बुद्धि आ जाएगी”

CM योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला! बोले- “रामलला के दर्शन कर लेंगे तो सद्बुद्धि आ जाएगी”

UP POLTICS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव के हालिया बयान का जवाब देते हुए कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, उन्हें अयोध्या के विकास पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

‘रामलला के दर्शन कर लीजिए’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या को किसी से पहचान लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, “आप इसकी चिंता मत करिए, पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, सद्बुद्धि आ जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करती है तो उसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए।

UP POLTICS: ”कानून व्यवस्था पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब सभी धार्मिक आयोजन कानून के दायरे में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान हजारों ताजिया जुलूस बिना किसी उपद्रव के निकले और सरकार की स्पष्ट नीति है कि किसी धार्मिक आयोजन के लिए गरीबों के मकान, छज्जे या झोपड़ियां नहीं हटाई जाएंगी। आवश्यकता होने पर ताजियों की ऊंचाई कम की जा सकती है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से समझौता नहीं होगा।

सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और अराजकता के लिए बदनाम था, जबकि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश दंगामुक्त और माफिया मुक्त बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कांवड़ यात्रा तक बाधित की जाती थी। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आपातकाल को संविधान और लोकतंत्र पर सबसे बड़ा प्रहार बताया तथा कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ खड़ी है।

UP POLTICS: ”विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग सेंटर, बेहतर बीज, कृषि अनुसंधान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

ये भी पढ़े… शिक्षा सुधार, पेपर लीक पर सख्ती और पारदर्शी भर्ती… कांग्रेस ने शुरू किया बड़ा युवा अभियान