Home » मध्य प्रदेश » शिक्षा सुधार, पेपर लीक पर सख्ती और पारदर्शी भर्ती… कांग्रेस ने शुरू किया बड़ा युवा अभियान

शिक्षा सुधार, पेपर लीक पर सख्ती और पारदर्शी भर्ती… कांग्रेस ने शुरू किया बड़ा युवा अभियान

MP CONGRESS NEWS: मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए व्यापक शिक्षा एवं भर्ती सुधारों की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह और जयवर्धन सिंह ने युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की।

भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लगातार भर्ती घोटालों और परीक्षा विवादों के कारण छात्रों एवं नौकरी के अभ्यर्थियों का सरकारी व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापम से लेकर नर्सिंग और अन्य भर्ती परीक्षाओं तक प्रदेश की परीक्षा प्रणाली लगातार सवालों के घेरे में रही है। उन्होंने सरकार पर लगभग 4.87 लाख रिक्त पद नहीं भरने का आरोप लगाते हुए वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एकमुश्त शुल्क व्यवस्था लागू करने की मांग की।

MP CONGRESS NEWS: एनटीए पर भी कांग्रेस का हमला

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

14 जुलाई से निकलेगी साइक्लोथॉन

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि बेरोजगारी और भर्ती विवादों ने प्रदेश के युवाओं में गहरी निराशा पैदा कर दी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस 14 जुलाई से इंदौर से “युवा स्वाभिमान जेन-जी साइक्लोथॉन” की शुरुआत करेगी, जो देवास और सीहोर होते हुए 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा तथा पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना है।

MP CONGRESS NEWS: सड़क से संसद तक संघर्ष का ऐलान

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी शिक्षा सुधार, निष्पक्ष भर्ती प्रणाली और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। उनका कहना था कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कांग्रेस लगातार जनआंदोलन चलाएगी।

ये भी पढ़े… राहुल गांधी के ‘गुमशुदगी पोस्टर’ पर कांग्रेस का पलटवार, PM मोदी को लेकर पूछे तीखे सवाल