Aligarh Congress Infighting: अलीगढ़ में रविवार शाम कांग्रेस की समीक्षा बैठक के दौरान अचानक हंगामा हो गया। शाम करीब 4 बजे हुई इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम की मौजूदगी में ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता शाहिद गुड्डू ने एक युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी।
घटना के बाद पार्टी के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उस युवक को आरएसएस का कार्यकर्ता बताते हुए कार्यक्रम से बाहर कर दिया। मारपीट के कारण कुछ समय के लिए बैठक स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पार्टी नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

हंगामे के बाद तौकीर आलम ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बैठक में हुए विवाद के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई।कांग्रेस ने रविवार को रेलवे रोड स्थित जिला एवं महानगर कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में जिला और महानगर संगठन के कामकाज की समीक्षा की जानी थी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम भी मौजूद थे।
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन होना था। इससे पहले स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता शाहिद गुड्डू ने आपत्ति जताई कि बैठक में कुछ बाहरी लोग भी शामिल हो रहे हैं। इस पर कांग्रेस के नोएडा प्रभारी आलोक गौड़ ने विरोध किया।

बहस के बाद बढ़ा मामला, युवक की हुई पिटाई
आलोक गौड़ और शाहिद गुड्डू के बीच इसी मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद नेता और कार्यकर्ता आपस में मारपीट करने लगे।इसी दौरान शाहिद गुड्डू ने एक युवक को चप्पलों से पीट दिया। बाद में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उस युवक को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया और उसे आरएसएस का कार्यकर्ता बताया।
Aligarh Congress Infighting: युवक के नशे में होने का दावा
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नावेद खान ने बताया कि एक बाहरी व्यक्ति नशे की हालत में कार्यक्रम में पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले उसे पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में नहीं देखा गया था और यह जानकारी नहीं है कि वह किस उद्देश्य से वहां आया था।उन्होंने बताया कि जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने उसे वहां से जाने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतर आया। इसके बाद धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच काफी प्रयास के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर हमला
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश प्रभारी तौकीर आलम ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था इस समय बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। उनके अनुसार, परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था एनटीए और संबंधित मंत्रालय अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल रहे हैं।नीट और महाराष्ट्र में सामने आए पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि सरकार के संरक्षण में इस तरह के घोटाले हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि आज परीक्षा प्रक्रिया छात्रों के चयन का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाली प्रक्रिया बन गई है, जिसमें अरबों रुपये की अवैध वसूली हो रही है।
तौकीर आलम ने कहा कि छात्र और उनके माता-पिता परीक्षाओं की तैयारी में देश के शिक्षा बजट से तीन गुना ज्यादा पैसा खर्च कर देते हैं। इसके बावजूद उन्हें केवल मानसिक तनाव, परेशानियां और परीक्षा रद्द होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
तौकीर आलम ने कहा कि मौजूदा शिक्षा मंत्री के रहते मंत्रालय की स्थिति में सुधार संभव नहीं है। इसलिए शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार को उन्हें पद से हटा देना चाहिए।उन्होंने मांग की कि भविष्य में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक न हो, इसके लिए एक मजबूत, पारदर्शी और पूरी तरह सुरक्षित व्यवस्था बनाई जाए।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के आयोजन, इंटरव्यू, परिणाम जारी करने और जॉइनिंग तक की पूरी प्रक्रिया के लिए एक निश्चित कैलेंडर बनाया जाना चाहिए और सरकार को उसी के अनुसार काम करना चाहिए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
तौकीर आलम ने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती है तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने बताया कि कोटा के बाद अब आने वाले दिनों में प्रयागराज, पटना और दिल्ली में बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी और सरकार को अपनी मांगें मानने के लिए मजबूर करेगी।इस दौरान पूर्व विधायक विवेक बंसल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें….पटना के दीदारगंज में तेल-रिफाइन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं








