Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » जनता दर्शन में राजस्व मामलों में देरी पर CM योगी का बड़ा निर्देश, बोले- देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में दिलाएं न्याय

जनता दर्शन में राजस्व मामलों में देरी पर CM योगी का बड़ा निर्देश, बोले- देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में दिलाएं न्याय

जनता दर्शन में राजस्व मामलों में देरी पर CM योगी का बड़ा निर्देश

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं को ध्यान से सुना। उनका प्रार्थना पत्र लिया और संबंधित अधिकारियों को देकर निर्देशित किया कि सभी लोगों की समस्याओं का समाधान तय समयसीमा के भीतर हो। इसके उपरांत पीड़ित पक्ष से बात कर उनकी संतुष्टि के बारे में जानकारी ली जाए।

मामले का उचित निस्तारण कराएंगे

मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप बेफिक्र होकर घर जाइए, हम हर मामले का उचित निस्तारण कराएंगे। बरेली से आई एक महिला ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कैंसर के इलाज के लिए सीएम से गुहार लगाई और आर्थिक सहायता की मांग की। सीएम ने उनसे हॉस्पिटल का एस्टिमेट मांगा, जिसे वह तत्काल उपलब्ध न करा सकीं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप हॉस्पिटल से एस्टिमेट मंगवा लीजिए। आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की चिंता सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने मरीज को एडमिट कराने और उनके समुचित इलाज के लिए भी निर्देशित किया। ‘जनता दर्शन’ में राजस्व संबंधी मामले भी आए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। सीएम ने राजस्व मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया और कहा कि इस पर जल्द निर्णय होने से वादकारियों को समय से राहत मिलती है। राजस्व से जुड़े अधिकारी समय से न्यायालय में बैठें।

इस संबंध में निर्णय भी जल्द दें, क्योंकि ऐसा न होने से गरीब वादकारी अधिक प्रभावित होते हैं। वादकारियों को न्याय दिलाना सरकार की मंशा है। इसके अनुरूप राजस्व से जुड़े अधिकारी जरूरतमंदों को न्याय दिलाएं। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जनता दर्शन की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि जन-सेवा, सुरक्षा और सुशासन का संकल्प मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं एवं सभी के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जुलाई तक टली, पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों?