Home » मध्य प्रदेश » पन्ना की धरती ने फिर बदली किस्मत, आदिवासी परिवार को मिला 11.19 कैरेट का हीरा

पन्ना की धरती ने फिर बदली किस्मत, आदिवासी परिवार को मिला 11.19 कैरेट का हीरा

Mp news: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले को यूं ही रत्नगर्भा नहीं कहा जाता। यहां की धरती कई बार ऐसे अनमोल हीरे उगलती है, जो गरीब परिवारों की जिंदगी बदल देते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। एक आदिवासी परिवार और उसके साथ काम कर रहे अन्य लोगों को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है। इसकी शुरुआती अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि सरकारी नीलामी में इसकी कीमत 40 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।

दो महीने की मेहनत के बाद मिला हीरा

अहिरगवां क्षेत्र में राकेश गौड़ आदिवासी ने अपने भाइयों और गांव के तीन अन्य लोगों के साथ अप्रैल में निजी जमीन पर हीरे की खदान का पट्टा लिया था। इसके बाद सभी ने लगातार करीब दो महीने तक खुदाई और मिट्टी की छंटाई की। सोमवार को उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें 11.19 कैरेट का चमचमाता जेम्स क्वालिटी का हीरा मिल गया। परिवार ने नियमानुसार हीरे को पन्ना हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। जांच पूरी होने के बाद इसे सरकारी नीलामी में रखा जाएगा।

Mp news: 2024 में भी मिला था 93 लाख रुपये का हीरा

यह पहली बार नहीं है जब इस परिवार की किस्मत चमकी हो। साल 2024 में भी इसी परिवार को 19.22 कैरेट का हीरा मिला था। सरकारी नीलामी में उस हीरे की कीमत 93 लाख रुपये लगी थी। राकेश गौड़ का कहना है कि इस बार मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा फिर से नई खदान लगाने में लगाया जाएगा। उनका मानना है कि मेहनत और धैर्य से पन्ना की धरती एक दिन जरूर इनाम देती है।

पन्ना की पहचान है हीरा और मेहनत

Mp news: पन्ना में हजारों मजदूर और परिवार हर साल हीरे की तलाश में खदानों में मेहनत करते हैं। ज्यादातर लोगों को सफलता नहीं मिलती, लेकिन कभी-कभी किसी एक परिवार की किस्मत पूरी तरह बदल जाती है। राकेश गौड़ का परिवार इसका ताजा उदाहरण है, जिसने लगातार दूसरी बार हीरा मिलने से यह साबित कर दिया कि मेहनत और उम्मीद कभी बेकार नहीं जाती।

 

 

ये भी पढ़े: दिल्ली में नई EV पॉलिसी 2026 को मंजूरी, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर टैक्स छूट और सब्सिडी का बड़ा फायदा