Rewa Accident: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार नगर निगम के कचरा वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बायपास पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर रायपुर कर्चुलियान से रीवा की ओर जा रहे थे। रीवा-मनगवां मार्ग स्थित बायपास पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार नगर निगम के कचरा वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
Rewa Accident: 100 मीटर दूर जा गिरे बाइक सवार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और सवार करीब 100 मीटर तक उछलकर जा गिरे। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ट्रक के पिछले पहियों के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को बाहर निकाला।
Rewa Accident: दोनों घायलों की हालत गंभीर
घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सीएमओ डॉ. अलख प्रकाश ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
मृतक और घायलों की पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार, मृतक और दोनों घायलों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थानों के माध्यम से शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद चालक फरार, वाहन जब्त
प्रत्यक्षदर्शी शुभम सोनी ने बताया कि कचरा वाहन तेज रफ्तार में था और बाइक सवार भी जल्दबाजी में सड़क पार कर रहे थे। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में शामिल नगर निगम के कचरा वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की जानकारी नगर निगम से जुटाई जा रही है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
यह भी पढे़ : पन्ना की धरती ने फिर बदली किस्मत, आदिवासी परिवार को मिला 11.19 कैरेट का हीरा








