Germany Shooting: जर्मनी के उत्तरी शहर स्टेडे में सोमवार को हुई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने फिलहाल हमले के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
युवा कल्याण केंद्र में हुई गोलीबारी
स्थानीय पुलिस के अनुसार, फायरिंग स्टेडे शहर के एक युवा कल्याण केंद्र में हुई। घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।
Germany Shooting: पुलिस ने इलाके को किया सील
घटना के बाद पुलिस ने डांकेर्श्ट्रासे इलाके को पूरी तरह घेर लिया और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। कुछ ही देर में संदिग्ध हमलावर को काबू कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और आम नागरिकों को किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
Germany Shooting: घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी किस वजह से हुई।
हमले के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक पर गोली चलाने का संदेह है। जांच एजेंसियां घटना के पीछे की मंशा, हमलावरों के संबंध और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
जर्मनी में कम होती हैं ऐसी घटनाएं
जर्मनी में हथियारों से जुड़े कानून दुनिया के कई देशों की तुलना में काफी सख्त हैं। यही वजह है कि वहां सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं अपेक्षाकृत कम देखने को मिलती हैं। स्टेडे शहर की आबादी लगभग 50 हजार है और यह हैम्बर्ग से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है।
यह भी पढे़ : CBSE का थ्री लैंग्वेज पॉलिसी पर यू-टर्न: मौजूदा 10वीं के छात्रों को राहत, 2026-27 से लागू होंगे नए नियम








