Varanasi Fire News: वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र स्थित परमनंदापुर के समीप सोमवार दोपहर बाद एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी दुकान में फैल गई। घटना में मशीन, तैयार दोना-पत्तल, कच्चा माल और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
Varanasi Fire News: मशीन पर काम के दौरान भड़की आग-
दुकान संचालक राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी फर्नीचर की दुकान में दोना-पत्तल बनाने की दो मशीनें लगी हैं। उनका बेटा एक मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से मशीन में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद वह तुरंत बाहर निकल आया।
Varanasi Fire News: पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा-
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही जंसा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बड़ा हादसा टला, आसपास की दुकानें सुरक्षित-
समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया और अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान-
आग की चपेट में आने से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन, तैयार माल, कच्चा माल और दुकान में रखा अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। दुकान संचालक के अनुसार इस घटना में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जांच में जुटी पुलिस-
राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी से बढ़ेगा प्रतिनिधित्व? लखनऊ में नितिन नवीन और बीएल संतोष करेंगे मंथन








