IndiGo Flight: अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7018 में सोमवार शाम एक मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति बन गई। फ्लाइट में सफर कर रहा 3 साल का बच्चा अचानक बेहोश हो गया। बच्चे की हालत खराब होते देख पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी।इसके बाद विमान की सूरत एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बच्चे को तुरंत इलाज के लिए सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लाइट में मौजूद डॉक्टरों ने दिया प्राथमिक इलाज
बच्चे की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। फ्लाइट में मौजूद दो डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने और उसकी हालत सुधारने के लिए प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन बच्चे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और सूरत एयरपोर्ट पर विमान उतारने की अनुमति मांगी।
मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी मिलते ही सूरत एयरपोर्ट को अलर्ट कर दिया गया। एयरपोर्ट पर CISF, मेडिकल टीम और इंडिगो की ग्राउंड टीम ने तुरंत तैयारियां शुरू कर दीं।जैसे ही विमान सूरत एयरपोर्ट पर उतरा, डॉक्टर तुरंत फ्लाइट के अंदर पहुंचे। बच्चे को शुरुआती इलाज देने के बाद एम्बुलेंस के जरिए निजी अस्पताल भेज दिया गया।
इलाज के बाद मुंबई के लिए रवाना हुई फ्लाइट
बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और इंडिगो की टीम ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद फ्लाइट मुंबई के लिए रवाना हो गई।एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस इमरजेंसी लैंडिंग का अन्य उड़ानों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य रूप से जारी रहा।

IndiGo Flight: फ्लाइट में इमरजेंसी लैंडिंग की पिछली घटनाएं
15 जून: जयपुर में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले 15 जून को दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में भी मेडिकल इमरजेंसी के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-322 दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भर रही थी। सफर के दौरान एक यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और नजदीकी एयरपोर्ट पर विमान उतारने का फैसला लिया।
फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स ने यात्री को प्राथमिक सहायता देने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी।
12 मई: एअर इंडिया की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग
12 मई को एअर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 की भी दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।उड़ान के दौरान कॉकपिट क्रू को विमान के एक इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला था। इसके बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को रात करीब 9:30 बजे दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय विमान में करीब 171 यात्री मौजूद थे। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित रहे। बाद में विमान को टो करके ले जाया गया।
ये भी पढ़े: बिजनौर पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी, राम मंदिर चंदा विवाद से लेकर यूपी चुनाव तक दिए कई बयान








