Breaking News
Home » जम्मू-कश्मीर » Srinagar में 36 साल पुराने सरला भट्ट हत्याकांड में यासीन मलिक समेत 5 पर चार्जशीट, SIA ने कोर्ट में पेश किए 737 पन्नों के सबूत

Srinagar में 36 साल पुराने सरला भट्ट हत्याकांड में यासीन मलिक समेत 5 पर चार्जशीट, SIA ने कोर्ट में पेश किए 737 पन्नों के सबूत

Srinagar News : कश्मीरी पंडित नर्स सरला भट्ट के अपहरण और हत्या के 36 साल पुराने मामले में जम्मू-कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने सोमवार को बड़ा कदम उठाते हुए कोर्ट में 737 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट में जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के तत्कालीन चीफ कमांडर यासीन मलिक समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है. SIA के अनुसार, सरला भट्ट के अपहरण और हत्या की साजिश यासीन मलिक और उसके साथियों ने रची थी.

यासीन मलिक आतंकी फंडिंग मामले में उम्रकैद की सजा काटते हुए दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. वहीं, मुख्य शूटर खुर्शीद अहमद चालको अब भी फरार है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में छिपा हुआ है. मामले के तीन अन्य आरोपी अब्दुल हमीद शेख, मोहम्मद यूसुफ सोफी उर्फ इदरीस और गुलाम मोहम्मद टपलू की मौत हो चुकी है.

Srinagar में 5 पर चार्जशीट

सरला भट्ट अनंतनाग की रहने वाली थीं और श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं. 18 अप्रैल 1990 को ड्यूटी पर जाते समय अस्पताल परिसर के पास से उनका अपहरण कर लिया गया था. जांच के अनुसार उन्हें चार दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट और यातनाएं दी गईं. बाद में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई. चार दिन बाद उनका शव श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके से बरामद हुआ. शव पर गोलियों और यातना के कई निशान मिले थे. घटनास्थल पर मिले एक नोट में उन्हें सुरक्षाबलों का मुखबिर बताया गया था. हत्या के बाद आतंकियों ने उनके घर पर ग्रेनेड भी फेंका, जिसके बाद उनका परिवार कश्मीर छोड़ने के लिए मजबूर हो गया.

की गई छापेमारी

मार्च 2024 में यह मामला SIA को सौंपा गया था. करीब दो साल तक चली जांच के दौरान एजेंसी ने कई स्थानों पर छापेमारी की, पुराने रिकॉर्ड खंगाले, गवाहों के बयान दर्ज किए और मेडिकल, फोरेंसिक, बैलिस्टिक, दस्तावेजी तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए. इन्हीं सबूतों के आधार पर चार्जशीट तैयार की गई है. आरोपियों पर हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने, TADA और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

Read More : जनरल धीरज सेठ बने भारतीय सेना के नए सेना प्रमुख

By : Sanjucta