Agra Fort : आगरा किला स्थित दीवान-ए-आम में आयोजित लाइट एंड साउंड शो में पर्यटकों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पा रही थी। इसका एक बड़ा कारण मच्छरों की समस्या बताई जा रही थी। शो के दौरान पर्यटकों को मच्छरों के काटने से परेशानी होती थी, जिससे “रंग ए आगरा- युगों का सफर” थीम पर आधारित प्रस्तुति का आनंद बाधित हो जाता था। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन विभाग को तत्काल समाधान के निर्देश दिए हैं। अभी तक लाइट एंड साउंड शो का टिकट 300 रुपये था, जिसे अब घटाकर 100 रुपये करने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन का मानना है कि कम कीमत होने से भारतीय पर्यटक अधिक संख्या में शो देखने आएंगे। पथकर सलाहकार समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, टिकट दर कम होने से शो की पहुंच बढ़ेगी और आगरा के ऐतिहासिक वैभव को देखने वाले दर्शकों की संख्या में इजाफा होगा।
Agra Fort
पर्यटकों को सुविधा देने के लिए जल्द ही लाइट एंड साउंड शो की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। अभी तक कई पर्यटक मौके पर जाकर टिकट लेने में दिक्कत महसूस करते थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वे पहले से टिकट बुक कर सकेंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे शो की दर्शक संख्या और व्यवस्था दोनों बेहतर होंगी। आगरा किला के लाइट एंड साउंड शो में शहर के ऐतिहासिक गौरव को प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए प्रस्तुत किया जाता है। शो में आगरा के अतीत, संस्कृति और ऐतिहासिक घटनाओं को रोचक अंदाज में दिखाया जाता है। हालांकि प्रचार-प्रसार की कमी के चलते अब तक दर्शकों की संख्या सीमित रही है। प्रशासन अब शो को अधिक प्रभावी ढंग से प्रचारित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।
तेजी से चल रहा काम
इसी तरह फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली के अनुसार वहां लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कार्य पूरा होने के बाद पर्यटक आगरा किला और फतेहपुर सीकरी दोनों जगहों पर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देखने का अनुभव ले सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मिलकर संयुक्त टिकट प्रणाली शुरू करेंगे। इस टिकट में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और एत्माउद्दौला जैसे प्रमुख स्थलों को शामिल करने की योजना है। संबंधित प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि एक ही टिकट से कई स्मारकों की सैर पर्यटन को और आसान तथा आकर्षक बनाएगी।
चमकेंगी तिरंगा लाइटें
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के लिए मंडी गुड़ से तेहरा मोरी बांध तक अष्टकोणीय खंभों पर तिरंगा लाइटें लगाने की योजना भी शुरू हो चुकी है। इसके लिए पथकर निधि से 41.44 लाख रुपये नगर पालिका परिषद को दिए गए हैं। कार्य पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उपयोगिता प्रमाणपत्र मिलने के बाद शेष भुगतान किया जाएगा।
Read More : WhatsApp Username होगा पूरी तरह Optional, कंपनी ने दूर कीं यूजर्स की बड़ी चिंताएं
Sanjucta








