Home » राष्ट्रीय » आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, ED केस में अंतरिम जमानत

आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, ED केस में अंतरिम जमानत

Azam Khan

Azam Khan: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। इस फैसले के बाद आजम खान के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रथम दृष्टया पाया कि गिरफ्तारी के दौरान संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल

न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह-प्रथम की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया आजम खान की गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया।

Azam Khan: पर्सनल बॉन्ड और दो जमानतें देनी होंगी

हाईकोर्ट ने आजम खान की रिहाई के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, उन्हें एक पर्सनल बॉन्ड और उतनी ही राशि की दो जमानतें देनी होंगी। यह जमानत बॉन्ड गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की संतुष्टि के अनुसार भरने होंगे। इन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ होगा।

10 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की है। अदालत में आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और इमरान उल्लाह ने पक्ष रखा। कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद अंतरिम जमानत का आदेश दिया।

Azam Khan: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में भी मिली राहत

आजम खान को मंगलवार को ही फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। शीर्ष अदालत ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। इस मामले में आजम खान के साथ उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत मिली है।

पत्नी और बेटे को भी सुप्रीम कोर्ट से राहत

सुप्रीम कोर्ट ने तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान को भी दोषसिद्धि पर रोक से जुड़ी राहत दी। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान को यह राहत दी थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को राहत नहीं मिली थी। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले से तीनों को इस मामले में राहत मिली है। वहीं, ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान की रिहाई से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें…गोंडा में राजन महाराज की कथा में पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, अखिलेश पर तंज