Agra Water Supply : आगरा के पांच लाख से अधिक लोगों को बुधवार को भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। बिजलीघर चौराहे पर काजीपाड़ा नाले के भीतर से गुजर रही 600 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का काम मंगलवार सुबह की जलापूर्ति के बाद शुरू किया गया था। यह कार्य बुधवार शाम तक पूरा हुआ, जिसके बाद सप्लाई शुरू कर दी गई। हालांकि, देर रात तक कई इलाकों के घरों में पानी नहीं पहुंच सका। जलकल विभाग ने दावा किया है कि गुरुवार सुबह तक जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

जलकल विभाग के अनुसार पुरानी पाइपलाइन नाले के अंदर से गुजरने के कारण उसमें कचरा फंसता था। इससे नाले की सफाई प्रभावित होती थी और जलभराव की समस्या पैदा होती थी। साथ ही, पाइपलाइन में लीकेज होने पर दूषित पानी सप्लाई होने का भी खतरा बना रहता था।
Agra Water Supply
इन समस्याओं को खत्म करने के लिए पुलिया के ऊपर से करीब 13 मीटर लंबी नई यू-आकार की पाइपलाइन बिछाई गई है। विभाग का कहना है कि इससे नाले का बहाव भी बाधित नहीं होगा और भविष्य में दूषित पानी की आशंका भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि काम पूरा होने के बाद जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जलापूर्ति शुरू कर दी गई थी। लेकिन करीब 36 घंटे तक सप्लाई बंद रहने के कारण जलाशय और ओवरहेड टंकियां पूरी तरह खाली हो गई थीं। पहले इन्हें भरने में समय लगा, जिसके बाद पाइपलाइन में पर्याप्त दबाव बन सका। इसी वजह से अंतिम छोर पर रहने वाले उपभोक्ताओं तक पानी देर से पहुंचा।
इन इलाकों के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित
जलापूर्ति बाधित रहने से रकाबगंज, बालूगंज, छीपीटोला, नौलक्खा, ताजगंज, फतेहाबाद रोड, गोबर चौकी, कोतवाली, दरेसी, रावतपाड़ा, बेलनगंज, छत्ता और कालामहल सहित पुराने शहर के कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इन क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवार करीब 36 घंटे तक पानी के लिए परेशान रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के मौसम में इतनी लंबी अवधि तक पानी बंद रहने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई।
पार्षद ने समय पर सवाल उठाए
पीपलमंडी के पार्षद रवि बिहारी माथुर ने कहा कि पुराने शहर के अधिकांश घरों में सबमर्सिबल पंप नहीं हैं और लोग पूरी तरह जलकल विभाग की सप्लाई पर निर्भर रहते हैं। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह के कार्यों का समय तय करते समय आम लोगों की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे कुछ दिन पहले भी पाइपलाइन लीकेज के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी।
बिजली कटौती ने भी बढ़ाई परेशानी
पानी की समस्या के बीच शहर में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। लगातार चौथे दिन विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। अलबतिया रोड, सुभाष नगर और बालाजीपुरम क्षेत्र में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखरखाव कार्य के नाम पर बिजली बंद रही। वहीं दयालबाग, सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड और ट्रांसयमुना कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में भी दो से ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती से उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी।
Read More : Agra Fort का शो अब होगा और आकर्षक, टिकट 300 से घटकर हुए इतने रुपये; जानें यहां








