Home » उत्तर प्रदेश » उत्तर प्रदेश: एटा में खड़ी रोडवेज बस से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत

उत्तर प्रदेश: एटा में खड़ी रोडवेज बस से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत

एटा हादसा: कैंटर की टक्कर, 4 की मौत

Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। इस घटना की पुष्टि एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने की है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में किलरमऊ के पास हुआ। एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस खराब हो गई, जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी, एसडीएम, सीओ सिटी, सीओ सदर समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल, मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि जब बस की मरम्मत की जा रही थी, तब अधिकतर यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, जबकि कुछ लोग बस के अंदर बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि जब कैंटर बस के पास पहुंचा, उसी समय सामने से एक ट्रक भी आ रहा था। ट्रक से बचने की कोशिश में कैंटर का संतुलन बिगड़ गया और उसने पीछे से खड़ी बस को टक्कर मार दी।

Etah Road Accident: एटा हादसा, कैंटर की टक्कर, 4 की मौत
एटा हादसा: कैंटर की टक्कर, 4 की मौत

Etah Road Accident: 11 घायल, एक की हालत गंभीर

जिलाधिकारी के अनुसार, बस के अंदर बैठे यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, सड़क किनारे खड़े यात्रियों को गंभीर चोटें लगीं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में कुल 11 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।

हादसे के कारणों की होगी जांच

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: 12 हजार करोड़ का दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे दो महीने में ही उखड़ा! सड़क पर बने बड़े गड्ढे