UAPA Action: केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में मौजूद 23 आतंकियों को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, ये सभी आतंकी जैश-ए-मोहम्मद (JeM), लश्कर-ए-तैयबा (LeT), अल-कायदा और अन्य आतंकी संगठनों से जुड़े हैं।
UAPA Action: आतंकियों पर क्या हैं आरोप-
गृह मंत्रालय के मुताबिक, इन आतंकियों पर जम्मू-कश्मीर में युवाओं की भर्ती, सीमा पार घुसपैठ, आतंकियों को प्रशिक्षण देने, ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक पहुंचाने तथा आतंकी हमलों की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप हैं। इनमें कई आतंकी नगरोटा (2016) और सुंजवान मिलिट्री स्टेशन (2018) पर हुए हमलों से भी जुड़े बताए गए हैं।
UAPA Action: हाफिज सईद के करीबी भी सूची में शामिल-
सरकार ने अधिसूचना में अब्दुल रऊफ, हाफिज खालिद वलीद और राणा इफ्तिखार को लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के करीबी सहयोगी बताया है। इन पर आतंकी गतिविधियों की योजना बनाने, फंडिंग, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने और विभिन्न आतंकी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने के आरोप हैं।
NIA को मिलेगी बड़ी कानूनी ताकत-
इन आतंकियों को UAPA की सूची में शामिल किए जाने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को उनकी संपत्तियां जब्त करने, फंडिंग रोकने और हथियारों से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करने का अधिकार मिलेगा। वर्ष 2019 में UAPA संशोधन के बाद पहली बार व्यक्तिगत आतंकियों को भी सूचीबद्ध करने का प्रावधान लागू किया गया था।
आतंकियों की संख्या बढ़कर 80 हुई-
शनिवार को 23 नए आतंकियों को सूची में शामिल किए जाने के बाद भारत सरकार की घोषित व्यक्तिगत आतंकवादियों की सूची में कुल संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
जैश, लश्कर और अल-कायदा से जुड़े कई नाम शामिल-
नई सूची में जैश-ए-मोहम्मद के मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मुहम्मद असगर खान, हाफिज अब्दुल शकूर, अब्दुल्ला जिहादी समेत कई आतंकियों के नाम शामिल हैं। वहीं लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अब्दुल रऊफ, हाफिज खालिद वलीद, राणा इफ्तिखार, मोहम्मद याकूब, मौलाना सैफुल्ला खालिद और मोहम्मद शाहिद फैसल (जिसके अल-कायदा और ISIS से भी संबंध बताए गए हैं) को भी आतंकवादी घोषित किया गया है।
यह भी पढ़े- ‘लखपति दीदी’ से आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम, ‘लोकओएस’ से करोड़ों महिलाओं तक पहुंची सरकारी योजनाएं








