Gujarat Rain Alert: गुजरात में लगातार हो रही भारी मानसूनी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। जूनागढ़ जिले के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास अचानक जलभराव होने से कई लोग और चार गाड़ियां पानी में फंस गईं। सूचना मिलने पर फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Gujarat Rain Alert: IMD ने कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया-
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, दीव, भावनगर, महीसागर, दाहोद, पंचमहल, छोटा उदेपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत और तापी समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में 41 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी 30 से 60 प्रतिशत संभावना है।
Gujarat Rain Alert: जामनगर में सड़कें जलमग्न, स्कूल बसें भी फंसीं-
जामनगर जिले के ध्रोल क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कई मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं। अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति के चलते बच्चों से भरी स्कूल बसों समेत कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। लोगों को कमर तक भरे पानी से होकर आवाजाही करनी पड़ी।
जूनागढ़ में रिकॉर्ड बारिश, मंगरोल में 22.24 इंच वर्षा-
राज्य में सबसे अधिक बारिश जूनागढ़ जिले में दर्ज की गई। मंगरोल तालुका में 22.24 इंच बारिश हुई, जबकि मालिया हटीना में 14.09 इंच, केशोड में 12.80 इंच और मेंडरडा में 12.56 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। वंथली में 3.98 इंच और जूनागढ़ शहर में 0.98 इंच बारिश दर्ज हुई।
दक्षिण गुजरात में भी भारी बारिश का कहर-
दांग जिले के वाघाई में 13.43 इंच, सुबीर में 13.23 इंच और अहवा में 9.09 इंच बारिश हुई। वहीं सूरत जिले के अंबिका में 13.19 इंच, मंगरोल में 5.83 इंच, महुवा में 5.79 इंच और सूरत शहर में 1.50 इंच बारिश दर्ज की गई।
तापी, नवसारी और अन्य जिलों में जलभराव-
तापी जिले के डोलवान में 11.65 इंच, वलोड में 9.17 इंच और व्यारा में 7.24 इंच बारिश हुई। नवसारी जिले के वंसदा और चिंखली में 9.80-9.80 इंच, गांदेवी में 8.39 इंच और खेरगाम में 6.61 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गीर सोमनाथ, वलसाड, राजकोट, पाटन और अहमदाबाद के कई इलाकों में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।
225 तालुकों में बारिश, कई पुराने रिकॉर्ड टूटे-
राज्य के कुल 225 तालुकों में बारिश दर्ज की गई। जूनागढ़ के मंगरोल में हुई रिकॉर्ड 22.24 इंच बारिश ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लगातार बारिश के कारण गुजरात के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।
यह भी पढ़े- अयोध्या में मचा सियासी भूचाल! चढ़ावा विवाद पर विनय कटियार ने चंपत राय को लेकर कह दी बड़ी बात







