Home » नई दिल्ली » Delhi Govt ने खत्म की वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था, फटाफट देखें नया टाइम-टेबल

Delhi Govt ने खत्म की वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था, फटाफट देखें नया टाइम-टेबल

Delhi Govt : पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बाद दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू विशेष व्यवस्थाओं को समाप्त करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सप्ताह में बुधवार और शनिवार को लागू वर्क फ्रॉम होम (WFH) व्यवस्था को वापस लेने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सरकारी कार्यालयों के कार्य समय में भी बदलाव किया गया है। सरकार का कहना है कि अब प्रशासनिक कामकाज पूरी क्षमता के साथ नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। नए आदेश के तहत दिल्ली सरकार के सभी विभागों और सचिवालय के कार्यालय अब सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक संचालित होंगे।

वहीं, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों के कार्य समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एमसीडी कार्यालय पहले की तरह सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक ही खुलेंगे। सरकार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Delhi Govt

दिल्ली सरकार ने मई महीने में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और संभावित वैश्विक ईंधन संकट को देखते हुए सरकारी कार्यालयों के कामकाज में बदलाव किया था। उस समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के साथ कार्यालयों के समय में भी परिवर्तन किया था। यह फैसला ईंधन की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया था।

पेट्रोल अलाउंस में कटौती

विशेष व्यवस्था के दौरान सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करने के लिए अधिकारियों के पेट्रोल अलाउंस में भी 20 प्रतिशत तक की कटौती की गई थी। जिन अधिकारियों को पहले 200 लीटर पेट्रोल की सुविधा मिलती थी, उसे घटाकर 160 लीटर कर दिया गया था। इसी तरह 250 लीटर की सीमा को कम करके 200 लीटर किया गया था। सरकार ने सरकारी स्तर पर अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने पर भी जोर दिया था। दिल्ली सरकार ने हर सोमवार को ‘मेट्रो मंडे’ के रूप में मनाने की पहल भी शुरू की थी। इसके तहत मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों को यथासंभव मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए कहा गया था।

इसके अलावा निजी कंपनियों और संस्थानों से भी सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने, कार्यालयों के समय में बदलाव करने और कर्मचारियों को कार पूलिंग व सार्वजनिक परिवहन अपनाने की सलाह दी गई थी।

होगा सरकारी कामकाज

सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने और ईंधन संकट की आशंकाएं कम होने के बाद विशेष व्यवस्थाओं की अब आवश्यकता नहीं रह गई है। ऐसे में सभी विभागों में सामान्य व्यवस्था बहाल कर दी गई है। अब सभी अधिकारी और कर्मचारी नियमित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे सरकारी सेवाओं का संचालन पहले की तरह सुचारु रूप से हो सकेगा।

Read More : Mandi Accident: सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टैंकर ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

Sanjucta