Mandi Accident : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान मंडी निवासी जीवन लाल, पुत्र कौल सिंह, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मोड़ से आ रहे एक टैंकर ने उन्हें अपनी कंडक्टर साइड के पिछले हिस्से से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीवन लाल कई फीट दूर जाकर गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर भी अनियंत्रित हो गया। उसका पिछला हिस्सा सड़क किनारे खड़ी एक बस से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर बस वहां खड़ी न होती, तो टैंकर पलट सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।
Mandi Accident
वायरल हो रहे CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि जीवन लाल लगभग सड़क पार कर चुके थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद टैंकर भी कुछ दूरी तक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कैद हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
Read More : BAT BMS App Ban: ई-रिक्शा रोकने वाले चीनी ऐप पर सरकार का एक्शन, प्ले स्टोर से हटाने के निर्देश
Written By : Kanishka








