Home » Breaking News » जोधपुर को PM मोदी की बड़ी सौगात! नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन, संशोधित UDAN योजना भी लॉन्च

जोधपुर को PM मोदी की बड़ी सौगात! नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन, संशोधित UDAN योजना भी लॉन्च

PM MODI JAIPUR: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने संशोधित ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की भी शुरुआत की, जिसका उद्देश्य देशभर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क और विमानन अवसंरचना को नई गति देना है। प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पहले नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें परियोजना की विशेषताओं की जानकारी दी।

480 करोड़ की लागत से बना नया टर्मिनल

करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह टर्मिनल 23 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है। इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 20 लाख यात्रियों को संभालने की है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा।

टर्मिनल की वास्तुकला राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित है, जिसमें मेहराब, झरोखे और पारंपरिक डिज़ाइन को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ा गया है। भवन में ऊर्जा दक्ष प्रणाली, जल संरक्षण और हरित निर्माण तकनीकों का उपयोग किया गया है तथा इसे 5-स्टार GRIHA रेटिंग के अनुरूप विकसित किया गया है।

PM MODI JAIPUR: पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि नए टर्मिनल के शुरू होने से जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

28,840 करोड़ की ‘उड़ान’ योजना लॉन्च

प्रधानमंत्री मोदी ने संशोधित ‘उड़ान’ योजना भी लॉन्च की, जिसके लिए 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना का लक्ष्य अगले दस वर्षों में विमानन क्षेत्र आधारित विकास को तेज करना और देशभर में बेहतर हवाई संपर्क सुनिश्चित करना है। योजना के तहत 100 नए हवाई अड्डों का विकास किया जाएगा, जिसके लिए 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। वहीं, क्षेत्रीय हवाई अड्डों के शुरुआती संचालन को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की संचालन एवं रखरखाव सहायता भी दी जाएगी।

इसके अलावा, दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में हवाई संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। सरकार का कहना है कि यह पहल देश में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।

ये भी पढ़े… भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे लखनऊ, CM योगी ने किया भव्य स्वागत