Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » यूपी चुनाव में चिराग पासवान का बड़ा दांव! विपक्ष के इस खास नैरेटिव पर करेंगे सीधा वार

यूपी चुनाव में चिराग पासवान का बड़ा दांव! विपक्ष के इस खास नैरेटिव पर करेंगे सीधा वार

UP Politics News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान 5 जुलाई को लखनऊ में बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी में है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। पार्टी के अनुसार तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

‘संविधान और आरक्षण’ मुद्दे पर विपक्ष को घेरेंगे

लोजपा (रामविलास) के उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष ने “संविधान और आरक्षण खतरे में है” का झूठा नैरेटिव फैलाया था। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान लगातार कहते रहे हैं कि जब तक रामविलास पासवान का वंशज मौजूद है, तब तक न संविधान को खतरा है और न ही आरक्षण को। अब इसी संदेश को उत्तर प्रदेश की जनता तक पहुंचाया जाएगा।

UP Politics News: दलित प्रतिनिधित्व रहेगा मुख्य मुद्दा

सम्मेलन में चिराग पासवान कार्यकर्ताओं को चुनावी दिशा-निर्देश देने के साथ-साथ दलित प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय को लेकर पार्टी की रणनीति भी साझा करेंगे। पार्टी का कहना है कि चुनावी वर्ष में चिराग पासवान लगातार जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करेंगे।

कांग्रेस पर साधा निशाना

अरुण भारती ने कांग्रेस पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका होने पर कांग्रेस दलित चेहरों को आगे कर देती है। उन्होंने राजेंद्र पाल गौतम, मीरा कुमार और के. सुरेश जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दलित समाज का केवल राजनीतिक उपयोग करने का आरोप लगाया।

UP Politics News: NDA में एकजुटता का दावा

एनडीए सहयोगी होने के बावजूद उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार को लेकर उठ रहे सवालों पर अरुण भारती ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और किसी प्रकार का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान का यह दौरा उत्तर प्रदेश में लोजपा (रामविलास) के संगठनात्मक विस्तार और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति का अहम हिस्सा है।

ये भी पढ़े… यूपी में EV मालिकों की बल्ले-बल्ले! योगी सरकार का बड़ा ऐलान, दिन में चार्जिंग पर मिलेगी 20% बिजली बिल छूट