UP POLITICS: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे से पहले भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा या एजेंडा नहीं बचा है, जबकि भाजपा सरकार लगातार जनकल्याण और विकास के कार्य कर रही है।
पूजा पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनता की भलाई के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी को यह दिखाई नहीं देता। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता और एनडीए के सभी सहयोगी दल 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।
‘नितिन नवीन के आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह’
भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का उत्तर प्रदेश का पहला दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लखनऊ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता उनका गर्मजोशी से स्वागत कर रही है। उनके आगमन से संगठन में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।
पूजा पाल ने कहा, “मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला है। हम सभी कार्यकर्ता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने और प्रदेश में शांति, सुरक्षा तथा विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं।”
UP POLITICS: 2027 चुनाव की तैयारियों पर फोकस
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में विकास की गति को बनाए रखना और जनता का विश्वास लगातार मजबूत करना है। पार्टी संगठन बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत कर रहा है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा उसी रणनीति का हिस्सा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन लगातार सक्रिय हो रहा है। ऐसे में नितिन नवीन का उत्तर प्रदेश दौरा चुनावी तैयारियों को नई गति देने वाला माना जा रहा है, वहीं पूजा पाल का बयान भाजपा की आक्रामक चुनावी रणनीति का संकेत माना जा रहा है।
ये भी पढ़े… महाराष्ट्र की सियासत में हलचल! राज ठाकरे ने फडणवीस को लिखी खुली चिट्ठी, चुप्पी पर उठाए तीखे सवाल








