UP CRIME NEWS: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक पारिवारिक सगाई समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार शाम गोवर्धन रोड स्थित रोजी गार्डन की है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
मृतक की पहचान नौहझील थाना क्षेत्र के पारसोली गांव निवासी गजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका चचेरा भाई पवन चौधरी बताया गया है। दोनों परिवार एक रिश्तेदार की सगाई में शामिल होने पहुंचे थे।
विवाद के बाद चली ताबड़तोड़ गोलियां
पुलिस के अनुसार, समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पवन चौधरी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गजेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गजेंद्र को पांच गोलियां लगीं, जिनमें एक सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल गजेंद्र को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
UP CRIME NEWS: पत्नी से संबंध होने का था शक
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी और गजेंद्र के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
समारोह में मची अफरा-तफरी
गोलीबारी की घटना के बाद विवाह स्थल पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद सगाई समारोह बीच में ही रोक दिया गया और सभी रिश्तेदार लौट गए।
UP CRIME NEWS: पुलिस जांच में जुटी
रिफाइनरी क्षेत्राधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… इंग्लैंड से दूसरे टी20 में हारा भारत, श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड, अब सीरीज बचाना बड़ी चुनौती








