UP BJP NEWS: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का औपचारिक शंखनाद करते हुए पार्टी सांसदों और विधायकों को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘नेशन फर्स्ट’ के सिद्धांत पर आधारित है और जनप्रतिनिधियों को जातीय राजनीति के बजाय विकास और सुशासन के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना चाहिए।
लखनऊ में आयोजित भाजपा सांसद-विधायक बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
विपक्ष पर साधा निशाना
नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह एक बार फिर जातीय समीकरण और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष समाज को बांटने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कभी अराजकता और भ्रष्टाचार की पहचान रहे उत्तर प्रदेश को योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था और सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनाया है। माफिया और बाहुबलियों के समानांतर सत्ता तंत्र को खत्म कर कानून का राज स्थापित किया गया है।
UP BJP NEWS: जनप्रतिनिधियों को दिया मैदान में उतरने का संदेश
भाजपा अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लाभार्थी भाजपा सरकार से जुड़े हैं और अब इस विश्वास को मतदान में बदलना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगले सात से आठ महीने संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद अहम हैं। यदि सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे तो भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने भी दिया जीत का मंत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2027 का चुनाव जीतने के लिए अभी से बूथ स्तर तक तैयारी तेज करनी होगी। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने जनसंपर्क अभियान और सरकार की उपलब्धियों को हर गांव तक पहुंचाने के लिए निर्णायक साबित होंगे।
योगी ने कहा कि विपक्ष विकास के मुद्दे पर मुकाबला नहीं कर पा रहा है, इसलिए भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और जनप्रतिनिधियों से इन चयनित युवाओं एवं उनके परिवारों से संपर्क बढ़ाने की अपील की।
UP BJP NEWS: संगठनात्मक अभियान का आगाज
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक अभियान का औपचारिक शुभारंभ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और हर मतदाता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
ये भी पढ़े… MP Business Jet: 235 करोड़ का बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 खरीदेगी सरकार, अगस्त में होगा बेड़े में शामिल








