Up Election: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर विशेष भोज और आम पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने पारंपरिक अंदाज में दशहरी आम का स्वाद लिया और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की।
पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत और भोज
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं उनकी पत्नी नम्रता पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद लिया। दोपहर के भोजन के दौरान उन्होंने स्वयं सभी नेताओं को भोजन परोसा। इसके बाद ब्रजेश पाठक मेहमानों के लिए दशहरी आम की प्लेट लेकर पहुंचे और सभी नेताओं ने चारपाई पर बैठकर देसी अंदाज में आम का आनंद लिया।
Up Election: आम पार्टी में चुनावी रणनीति पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, इस अनौपचारिक बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनभागीदारी बढ़ाने और पार्टी के सभी नेताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। भाजपा नेतृत्व ने संगठनात्मक एकता को चुनावी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बताया।
फलानां राजा आम्रं हि सर्वदा मधुरं प्रियम्।
ग्रीष्मकाले तु संप्राप्ते सर्वैः खाद्यते सादरम्।।आज आवास पर विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मा० राज्यसभा सांसद आदरणीय श्री नितिन नबीन जी, मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, मा०… pic.twitter.com/npkscpq4Cf
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) July 5, 2026
दो दिवसीय दौरे में दिया संगठनात्मक एकता का संदेश
नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे में कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक सभी से मुलाकात की। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर रात्रि भोज किया, जबकि रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के यहां दोपहर का भोजन और बाद में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर चाय-नाश्ते के कार्यक्रम में शामिल हुए।
Up Election: सभी नेताओं से मिलकर काम करने की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकों में स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा फिर से मजबूत जनादेश हासिल कर सके।
ये भी पढ़ें…राम मंदिर चढ़ावा विवाद: अखिलेश यादव के इशारे पर हुई चोरी- परमहंस आचार्य








