UP NEWS: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोनों दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाएंगे।
‘आस्था के मुद्दे पर राजनीति न हो’
महंत नृत्य गोपाल दास ने अपने पत्र में कहा कि रामलला सरकार के मंदिर से दान की चोरी अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल को निजी लाभ के लिए इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।
UP NEWS: दोषियों को कठोर दंड देने की मांग
उन्होंने पत्र में लिखा कि जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी और दोषियों को उनके कृत्य की सजा मिलेगी।
आज होगी ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक
इस बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में चल रही एसआईटी जांच की प्रगति और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
UP NEWS: कम समय के नोटिस पर बुलाई गई बैठक
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अनुमति से यह बैठक कम समय के नोटिस पर बुलाई गई है ताकि आवश्यक मामलों पर त्वरित निर्णय लिया जा सके। फिलहाल महंत नृत्य गोपाल दास अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि कुछ ट्रस्टी बैठक में वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।








