Home » Breaking News » राम मंदिर चढ़ावा मामले में कांग्रेस का बड़ा हमला! VHP-BJP पर लगाए गंभीर आरोप, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

राम मंदिर चढ़ावा मामले में कांग्रेस का बड़ा हमला! VHP-BJP पर लगाए गंभीर आरोप, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

Ram Mandir News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) द्वारा प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव का नाम लिए जाने के बाद कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष पर उंगली उठाने का VHP को कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े लोग स्वयं जांच के घेरे में हैं।

VHP की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पहले निर्मोही अखाड़ा भी VHP पर राम मंदिर से जुड़े आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगा चुका है। ऐसे में जिन लोगों पर खुद सवाल उठ रहे हैं, वे विपक्षी नेताओं से पूछताछ की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसे “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत जैसा बताया।

Ram Mandir News: मोदी सरकार और ट्रस्ट पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय VHP के वरिष्ठ पदाधिकारी और आरएसएस प्रचारक रहे हैं। केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है, इसलिए विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय जवाबदेही सरकार और ट्रस्ट की तय होनी चाहिए।

‘आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहा संघ परिवार’

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि संघ परिवार और VHP का भगवान राम या धर्म से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि वे श्रद्धालुओं की आस्था का राजनीतिक और आर्थिक लाभ उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि VHP को वास्तव में मंदिर की पवित्रता की चिंता है तो वह अपने ही संगठन से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग क्यों नहीं कर रही।

Ram Mandir News: सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

कांग्रेस ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग दोहराई। वेणुगोपाल ने कहा कि मौजूदा एसआईटी केवल दोषियों को बचाने का माध्यम बनकर रह गई है और निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक निगरानी जरूरी है।

VHP के बयान पर मचा सियासी घमासान

गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी मामले में VHP की ओर से विपक्षी नेताओं पर सवाल उठाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। कांग्रेस ने इसे मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है, जबकि भाजपा और हिंदू संगठनों की ओर से विपक्ष पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़े… खाने के तुरंत बाद पानी पीना सही है या नहीं? जानिए आयुर्वेद और मॉडर्न साइंस की क्या है राय