Home » Breaking News » दिल्ली में हरियाली का महाअभियान! अमित शाह करेंगे 70 लाख पौधरोपण अभियान का शुभारंभ

दिल्ली में हरियाली का महाअभियान! अमित शाह करेंगे 70 लाख पौधरोपण अभियान का शुभारंभ

DELHI NEWS: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को दिल्ली सरकार की 70 लाख पौधरोपण अभियान की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) राजधानी के 34 स्थानों पर मेगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी।

600 पौधे, 50 हजार झाड़ियां लगाने का लक्ष्य

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि अभियान के तहत 600 पौधे और 50 हजार झाड़ियां लगाई जाएंगी। इसके लिए 50 हजार से अधिक रोपण गड्ढे पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर और अमलतास सहित पर्यावरण-अनुकूल देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।

DELHI NEWS: जैव विविधता बढ़ाने पर रहेगा फोकस

हरित क्षेत्रों की सुंदरता और जैव विविधता बढ़ाने के लिए हैमेलिया, जस्टिसिया, कैना, लिली, मुर्रेया समेत कई सजावटी और देशी झाड़ियां भी लगाई जाएंगी। अभियान में एनडीएमसी के अधिकारी, कर्मचारी, परिषद सदस्य और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा विस्तार

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एनडीएमसी के लिए पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत अभियान है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगातार 31 रविवार तक सफलतापूर्वक पौधरोपण किया जा चुका है। राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर भी नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जाता है।

DELHI NEWS: दिल्ली के हरित आवरण में 55% योगदान

चहल ने बताया कि एनडीएमसी 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का रखरखाव करती है, जिसमें छह प्रमुख पार्क, 122 कॉलोनी पार्क, 981 सीपीडब्ल्यूडी पार्क, 52 स्कूल हरित क्षेत्र, 51 गोलचक्कर, 14 बाजार उद्यान और करीब 15 हजार सड़क किनारे लगाए गए पौधे शामिल हैं। राजधानी के कुल क्षेत्रफल का केवल तीन प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद एनडीएमसी दिल्ली के हरित आवरण में लगभग 55 प्रतिशत योगदान देती है।

ये भी पढ़े… CM योगी का प्रतापगढ़-सुल्तानपुर दौरा आज, 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात