MP ACCIDENT: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) सड़क पर चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी।
जानकारी के अनुसार, कार में छह युवक सवार थे, जो अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद मैहर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी युवक वाहन में फंस गए।
रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया
सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवकों के शवों को 108 एंबुलेंस और हाईवे एंबुलेंस की मदद से मैहर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कराई।
MP ACCIDENT: मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अंकुर पटेल (39), पिता स्व. गोविंद पटेल, निवासी तनाजा, मृदुल पटेल (32), पिता महेंद्र पटेल, निवासी तनाजा, विजय पटेल (32), पिता नागेंद्र पटेल, निवासी तनाजा, हरिशंकर पटेल (28), पिता नागेंद्र पटेल, निवासी तनाजा और संजीव पटेल (23), पिता संजय पटेल, निवासी नरोरा की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… पैरेंटिंग कोच से जानें बच्चों के झूठ बोलने की वजह: घर का माहौल बनाएं भरोसे वाला








