Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर: 10 साल की मासूम से छेड़खानी पर फूटा पिता का गुस्सा, आरोपी के घर पर ताना तमंचा; वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों पर केस दर्ज

कानपुर: 10 साल की मासूम से छेड़खानी पर फूटा पिता का गुस्सा, आरोपी के घर पर ताना तमंचा; वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों पर केस दर्ज

 Kanpur news:

 Kanpur news: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 10 साल की मासूम बच्ची को पड़ोस के रसूखदार लड़के द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद पीड़ित परिवार का सब्र टूट गया। बेटी की सुरक्षा से परेशान पिता ने आरोपी के घर जाकर उसके पिता के सिर पर तमंचा तान दिया और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगली बार कुछ हुआ तो गोली मार दूंगा। इस घटना और पीड़ित बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

“साइकिल चलाने जाती हूं तो पकड़ने आता है” मासूम ने वीडियो जारी कर रोते हुए मांगी भीख

पीड़ित बच्ची ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई है। वीडियो में रोते हुए बच्ची ने कहा:

“मैं अपने घर के सामने रहने वाले एक लड़के से बहुत परेशान हूं। जब भी मैं घर से बाहर निकलती हूं, वह अपनी छत से गंदे-गंदे इशारे करता है और सीटी बजाता है। पापा ने मुझे जो साइकिल दिलाई है, उसे लेकर जब मैं बाहर जाती हूं, तो वह मुझे पकड़ने आ जाता है। मैं जहां भी जाती हूं, वह मेरा पीछा करता है।”

यह वीडियो 6 जून को जारी किया गया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 Kanpur news: “मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है आज आवाज उठाई जाए”

पीड़ित बच्ची के पिता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर अपना दर्द साझा करते हुए लिखा कि एक पिता के रूप में उनका दिल कांप रहा है। उन्होंने लिखा:

  • तबाही का इंतजार क्यों? “क्या प्रशासन किसी बड़ी वारदात के होने का इंतजार कर रहा है? बाद में मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है कि आज ही इस निर्दोष बच्ची के लिए आवाज उठाई जाए।”

  • रसूख का दबाव: पिता का आरोप है कि आरोपी लड़का एक रसूखदार परिवार (अधिवक्ता का बेटा) से ताल्लुक रखता है, और उसका परिवार पैसे और प्रभाव के बल पर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। जब भी मां शिकायत करने जाती है, तो उन्हें गालियां और धमकियां दी जाती हैं।

 Kanpur news: समझौता बैठक में पिता ने तान दिया तमंचा

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 27 जून को इलाके के कुछ संभ्रांत लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी बातचीत के दौरान पीड़ित पिता का गुस्सा भड़क गया। वह अपने घर से तमंचा लेकर आया और आरोपी के पिता के सिर पर सटा दिया। पिता ने कहा, “आप सब सामाजिक लोगों की वजह से इसे अभी छोड़ रहा हूं, लेकिन अगली बार मेरी बेटी की तरफ देखा भी तो खोपड़ी में गोली मार दूंगा।”

मां का बयान: “किराए का घर होता तो छोड़कर चली जाती”

मीडिया से बातचीत में पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि उनके पति प्रयागराज में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं और वह घर पर अपनी बेटी के साथ अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया सामने रहने वाले अधिवक्ता का बेटा पिछले दो साल से मेरी बेटी को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहा है। जब भी विरोध करो, तो उनका परिवार मारपीट पर उतारू हो जाता है। मां ने रोते हुए कहा, “यह हमारा खुद का मकान है, इसलिए फंसे हैं। अगर मैं किराए के घर में रह रही होती, तो कब का खाली करके यहां से चली गई होती।”

पुलिस की कार्रवाई: दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज

इस मामले पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि मामला पुलिस के संज्ञान में है।किशोरी पीड़िता की ओर से कुछ वीडियो सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे गए हैं, जिसमें आरोपी लड़का अश्लील इशारे करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है पुलिस ने इस मामले में दोनों ही पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस तमंचा तानने वाले लड़की के पिता की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

यह भी पढे़ : पत्नी की हत्या के लिए अलवर से 620 किमी दूर से खरीदा कोबरा, 6 साल बाद पति को उम्रकैद