UP Vigilance Raid: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सात और आठ जुलाई को लखनऊ स्थित उनके ठिकानों पर दो दिन तक चली छापेमारी में करोड़ों रुपये की संपत्ति, सोना-चांदी और नकदी बरामद हुई।
UP Vigilance Raid: 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद-
विजिलेंस की तलाशी के दौरान करीब 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के बिस्कुट, आभूषण और अन्य कीमती सामान भी मिले। शुरुआती अनुमान के मुताबिक केवल सोना, चांदी और नकदी की कीमत ही करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
UP Vigilance Raid: 35 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा-
जांच एजेंसी को लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी समेत कई स्थानों पर स्थित मकानों, भूखंडों, कृषि भूमि और फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। साथ ही बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड, पोस्ट ऑफिस निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेज भी बरामद किए गए। विजिलेंस के अनुसार अब तक बरामद कुल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये है।
भ्रष्टाचार के मामले में चल रही है जांच-
ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है। न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद विजिलेंस ने उनके आवास पर छापेमारी की। अब जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि बरामद संपत्तियां उनकी वैध आय से अर्जित की गई हैं या भ्रष्टाचार के जरिए जुटाई गईं।
डीजीपी ने विजिलेंस टीम को किया सम्मानित-
इस बड़ी कार्रवाई की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने विजिलेंस टीम के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और बरामद संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- बदरीनाथ के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे, सीएम धामी बोले-धाम में घपला गौहत्या जैसा पाप








