Iran US Conflict: तेहरान, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स के अनुसार, अमेरिका की ओर से तेहरान और अन्य इलाकों में किए गए हमलों के जवाब में कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। गुरुवार को जारी बयान में IRGC ने कहा कि कुवैत के अरिफजान और अली अल सलेम एयर बेस, जबकि बहरीन के जुफैर और शेख ईसा एयर बेस पर हमला किया गया।
मिसाइल और ड्रोन से किए गए हमले
IRGC का कहना है कि कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन के जरिए हमला किया गया। संगठन के मुताबिक, उसकी नेवी और एयरोस्पेस यूनिट ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। बयान में कहा गया कि यह कार्रवाई अमेरिका के उन हमलों के जवाब में की गई, जिन्हें ईरान ने अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। IRGC ने अमेरिका पर अपने वादों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया।

Iran US Conflict: ईरान में कई जगहों पर हमले का आरोप
IRGC ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में कई स्थानों पर हमले किए। इसके अलावा, पूर्वी क्षेत्र में मशहद शहर की ओर जाने वाले दो पुलों को भी निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि ये हमले उस समय हुए, जब देश में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम चल रहे थे। IRGC ने अमेरिकी कार्रवाई को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि इससे दुनिया भर में लोगों का गुस्सा और बढ़ेगा।
अमेरिका को दी कड़ी चेतावनी
IRGC ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने दोबारा हमला किया तो ईरान पहले से ज्यादा बड़े स्तर पर जवाब देगा। संगठन ने कहा कि भविष्य में भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है। बयान में कहा गया कि ईरानी लड़ाके अमेरिकी सेना की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब जरूर देंगे। यदि अमेरिका अपनी कार्रवाई दोहराता है, तो जवाबी हमले और बड़े होंगे तथा क्षेत्र में मौजूद अन्य अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
अमेरिकी नौसेना मुख्यालय को नुकसान पहुंचने का दावा
ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB ने दावा किया है कि इन हमलों का असर बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े (US Fifth Fleet) के मुख्यालय पर भी पड़ा है। IRIB के मुताबिक, ईरान के बुशहर शहर से अमेरिकी ठिकानों की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इससे कुछ घंटे पहले अमेरिका ने भी बुशहर क्षेत्र पर हमला किया था। वहीं, कुवैत की सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली आने वाली मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें…कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-क्रूजर की टक्कर में 6 की मौत, 3 घायल








