Karnataka Road Accident: कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और क्रूजर कार की आमने-सामने की टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।यह हादसा उत्तर कन्नडा जिले के यल्लापुरा तालुका स्थित अराबैल घाट में हुआ। जानकारी के मुताबिक, धारवाड़ से अंकोला की ओर जा रही एक क्रूजर गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। सभी लोग बुधवार (8 जुलाई) की रात धर्मस्थला और चिकमगलूर घूमने के लिए निकले थे।जब उनकी गाड़ी अराबैल घाट के बालगर इलाके में पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक (KA 22 AA 1008) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर गई 6 लोगों की जान
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए येल्लापुर सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Karnataka Road Accident: स्विगी में करते थे पार्ट-टाइम नौकरी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग स्विगी (Swiggy) में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। वे बुधवार रात धार्मिक और पर्यटन यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई।घटना के बाद येल्लापुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे हादसे की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें…ईरान पर अमेरिका का सबसे बड़ा हमला: 10 जगह धमाके, रेलवे ब्रिज उड़ाया, मिसाइल ठिकाने तबाह








