Home » नई दिल्ली » शिव विहार में जलभराव के बीच बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरे चेयरमैन पुनीत शर्मा, जलभराव से जूझ रहे लोगों को मिली राहत

शिव विहार में जलभराव के बीच बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरे चेयरमैन पुनीत शर्मा, जलभराव से जूझ रहे लोगों को मिली राहत

शिव विहार में जलभराव के बीच बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरे चेयरमैन पुनीत शर्मा

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में आड गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं ऑफिस जाने वाले कर्मचारी ट्रैफिक में फंस गए तो कहीं स्कूली बच्चों और अभिभावकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी बीच मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिव विहार इलाके से एक अलग तस्वीर सामने आई। जहां जलभराव की सूचना मिलते ही शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन पुनीत शर्मा मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान खुद संभाल ली।

बारिश के दौरान खुद सड़क पर उतरे चेयरमैन

लगातार हो रही बारिश के बीच पुनीत शर्मा अधिकारियों और नगर निगम की टीम के साथ शिव विहार पहुंचे और जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर जमा पानी की निकासी का कार्य शुरू कराया। इस दौरान चेयरमैन खुद पानी से भरी सड़क पर उतरकर राहत कार्यों की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने कर्मचारियों को जल निकासी में तेजी लाने और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए।

मौके पर मौजूद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर और अन्य उपकरणों की मदद से नालों की सफाई शुरू की, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकल सके। कई स्थानों पर जल निकासी के रास्ते अवरुद्ध होने के कारण पानी जमा हो गया था, जिसे हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

Delhi Rain: क्या बोले स्थानीय लोग?

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के बाद हर साल इस इलाके में जलभराव की समस्या सामने आती है। ऐसे में प्रशासन की ओर से तुरंत कार्रवाई किए जाने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। जबकि चेयरमैन पुनीत शर्मा ने कहा कि बारिश के कारण जहां-जहां जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां नगर निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्राथमिकता यही है कि सड़कों से जल्द से जल्द पानी निकाला जाए ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

ये भी पढ़े… चित्रकूट में दहाड़े CM योगी बोले- ‘राम को काल्पनिक बताने वाले आस्था की बात कर रहे’