Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » अयोध्या में CM योगी का ऐलान, बदला जाएगा भदरसा और खीरौनी नगर पंचायत का नाम, जानें क्या होगा नया नाम?

अयोध्या में CM योगी का ऐलान, बदला जाएगा भदरसा और खीरौनी नगर पंचायत का नाम, जानें क्या होगा नया नाम?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान एक अहम घोषणा करते हुए बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भदरसा को ‘भरत नगर’ के नाम से जाना जाएगा। यह नाम भगवान श्रीराम के अनुज भरत और उनकी तपोस्थली भरत कुंड की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत को समर्पित होगा।

मां ज्वाला के नाम पर भी होगा नया नगर पंचायत क्षेत्र

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अयोध्या में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जुड़े स्थानों को उनकी ऐतिहासिक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सीएम योगी ने जनसभा में एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि हाल ही में ग्राम पंचायत से नगर पंचायत में अपग्रेड किए गए खीरौनी-सुचित्रागंज क्षेत्र का नाम स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप ‘मां ज्वाला’ रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय आस्था और सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अयोध्या के विकास कार्यों का विरोध इसलिए कर रही हैं क्योंकि उनके शासनकाल में ऐसे कार्य नहीं हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें इस बात से भी परेशानी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया। निषादराज गुह के नाम पर बने रैन बसेरे से भी उन्हें आपत्ति है। हमारी सरकार समाज के हर वर्ग और महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य कर रही है।

UP News: श्रृंगवेरपुर धाम का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने प्रयागराज स्थित श्रृंगवेरपुर धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने वहां भगवान श्रीराम और निषादराज के मिलन को दर्शाती भव्य प्रतिमा स्थापित कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय इस ऐतिहासिक स्थल पर अतिक्रमण को बढ़ावा दिया गया था, जबकि वर्तमान सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

स्थानीय लोगों में खुशी की लहर

वहीं मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अयोध्या और बीकापुर क्षेत्र के लोगों के बीच उत्साह का माहौल है। कई संतों और स्थानीय नागरिकों ने भदरसा का नाम बदलकर ‘भरत नगर’ किए जाने का स्वागत किया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नाम परिवर्तन से संबंधित औपचारिक प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और शासन स्तर पर आवश्यक अधिसूचना जारी होने के बाद नया नाम आधिकारिक रूप से लागू होगा।

ये भी पढ़े… अयोध्या में सपा-कांग्रेस पर गरजे CM योगी बोले- ‘हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ाने का पाप क्यों कराया था’