Home » मनोरंजन » चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को बड़ा झटका, 3 महीने की जेल के साथ भारी जुर्माना

चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को बड़ा झटका, 3 महीने की जेल के साथ भारी जुर्माना

चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को बड़ा झटका, 3 महीने की जेल के साथ भारी जुर्माना

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है।अदालत ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए उन्हें तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने सात मामलों में कुल 7.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। शुक्रवार, 10 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अभिनेता को अदालत में दिए गए अपने आश्वासन का पालन करने के लिए कई अवसर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने उसका पालन नहीं किया।

कितने समय तक जेल में रहेंगे राजपाल यादव?

दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने राजपाल यादव की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी थी। अदालत ने कहा कि आरोपी को बार-बार अवसर दिए गए, लेकिन उन्होंने अपने वादे को पूरा नहीं किया। ऐसे में निचली अदालत द्वारा सुनाई गई सजा में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं बनता।चेक बाउंस के सभी सात मामलों में अदालत ने तीन-तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। हालांकि, कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। इसका मतलब है कि राजपाल यादव को कुल तीन महीने की ही जेल की सजा भुगतनी होगी।

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: 7.35 करोड़ रुपये का लगाया गया जुर्माना

अदालत ने प्रत्येक मामले में 1.05 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। सातों मामलों को मिलाकर यह राशि 7.35 करोड़ रुपये होती है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, प्रत्येक मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार रुपये शिकायतकर्ता को और 25 हजार रुपये राज्य को दिए जाएंगे।

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: क्या है पूरा चेक बाउंस मामला?

यह मामला वर्ष 2010 में बनी फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है। फिल्म के निर्माण के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता ली थी। अभिनेता का दावा था कि यह रकम लोन नहीं बल्कि निवेश (इन्वेस्टमेंट) थी। हालांकि, भुगतान न होने के कारण विवाद बढ़ता गया और बकाया राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसी विवाद के चलते उनके खिलाफ चेक बाउंस के कई मामले दर्ज हुए।इसी मामले में राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। उस समय उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने की बात कही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उस मुश्किल दौर में अभिनेता सोनू सूद सहित फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनका सहयोग किया था।

‘मेरे पास 1200 करोड़ का काम है’

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने दावा किया था कि आने वाले वर्षों में उनके पास करीब 1200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स और ब्रांडिंग से जुड़े काम हैं। उन्होंने कहा था कि उनके पास कई बड़े एग्रीमेंट हैं और कई फिल्मों पर भी काम चल रहा है। उनका यह भी कहना था कि उनकी आय से कई लोगों के घर चलते हैं।तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव ने कहा था, “मैं पैसों से घिरा हुआ हूं। राजपाल चलती-फिरती चेकबुक है। मैं पैसा कमाता हूं, लोगों को पैसा कमाने में मदद करता हूं और कई परिवार मेरी कमाई पर निर्भर हैं।वर्क फ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में नजर आए थे। कॉमेडी और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले राजपाल यादव लंबे समय से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का अहम हिस्सा रहे हैं।

ये भी पढ़े……अयोध्या में CM योगी का ऐलान, बदला जाएगा भदरसा और खीरौनी नगर पंचायत का नाम, जानें क्या होगा नया नाम?