Bahamas Plane Crash: बहामास से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को यहां एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद सरकार ने एहतियात के तौर पर फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक दिया है।यह हादसा नॉर्थ एंड्रॉस इलाके में हुआ, जो बहामास की राजधानी नसाऊ के पश्चिम में समुद्र के बीच स्थित एक द्वीप है। शुरुआत में बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने बताया था कि हादसे में एक व्यक्ति जीवित बच गया है। हालांकि बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पुष्टि की कि गंभीर चोटों के कारण उस व्यक्ति की भी मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
आजादी का जश्न मातम में बदला
प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पूरा देश इस समय शोक में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस दिन लोग बहामास की आजादी की 53वीं वर्षगांठ मना रहे थे, उसी दिन यह दर्दनाक हादसा हो गया। उन्होंने उन सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया।

Bahamas Plane Crash: नसाऊ से सैन एंड्रॉस जा रहा था विमान
बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान नसाऊ के लिंडन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सैन एंड्रॉस जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान हादसे का शिकार हो गया। अधिकारियों ने बताया कि यह बहामास में रजिस्टर्ड सेसना 402 विमान था।ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्रालय ने बताया कि फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया है। यह फैसला केवल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को सुरक्षा से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं, जिनके चलते यह कदम उठाया गया।
दूसरी घटना में विमान में लगी आग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्री जोबेथ कोल्बी-डेविस ने बताया कि शुक्रवार को फ्लेमिंगो एयर के एक अन्य विमान के साथ भी हादसे जैसी स्थिति बनी थी।उन्होंने कहा कि यह विमान मायागुआना जा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान पायलट ने तकनीकी समस्या की जानकारी दी और विमान को वापस नसाऊ ले आया। विमान के सुरक्षित उतरने और सभी यात्रियों के बाहर निकलने के बाद उसमें आग लग गई। इस घटना की भी जांच की जा रही है।








